हरदोई। स्कूल में बच्चों की पढ़ाई के प्रति लापरवाही और निरीक्षण में सोते मिले चिंतालपुर के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार को उनको निलंबित कर दिया। निलंबित किए जाने के साथ ही उन्हें बावन बीआरसी से संबद्ध किया गया है। पूरे मामले की जांच नगर खंड शिक्षाधिकारी को सौंपी गई है।
बीएसए ने बताया कि विकास खंड बावन के चिंतालपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुणेश कुमार वाजपेयी को निलंबित किया गया है। बताया कि बावन बीडीओ ने जांच की थी। इसमें एक कक्ष में अध्यापक एक कुर्सी पर बैठे और दूसरी कुर्सी पर पैर रखे और सोते मिले थे। कक्ष में ही भूमि पर एक महिला सोते मिली थी। स्कूल में कोई भी छात्र नहीं था। रजिस्टर पर 49 छात्र पंजीकृत थे। प्रधानाध्यापक ने जांच अधिकारी को मौसम खराब होने की बात कहते हुए अवकाश दिए जाने की जानकारी दी थी। बावन बीडीओ की जांच आख्या भी प्राप्त हो गई है।
सहायक अध्यापक समेत तीन से जवाब-तलब
बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बताया कि चिंतालपुर प्राथमिक विद्यालय में 49 छात्र पंजीकृत हैं। वहां पर प्रधानाध्यापक के अतिरिक्त सहायक अध्यापक लोकेश कुमार शिक्षा मित्र वंदना दीक्षित और राजेंद्र कुमार तैनात हैं। विद्यालय में बच्चों के न मिलने और कम नामांकन के लिए सहायक अध्यापक और दोनों शिक्षा मित्रों से जवाब-तलब किया गया है। सात दिन के अंदर साक्ष्य सहित जवाब न आने पर कार्रवाई की जाएगी।