हरदोई। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए रेडीनेस कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके तहत बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाया जाएगा। इस अभियान से विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
परिषदीय विद्यालयों में एक अप्रैल से नवीन शिक्षा सत्र शुरू होने जा रहा है। विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया के साथ ही रेडीनेस कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस बार विद्यालयों में कक्षा एक व दो में एनसीईआरटी की पुस्तकें विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में एक शिक्षक को नोडल शिक्षक के रूप में नामित किया जाएगा।
विद्यालय में नव प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को नोडल अध्यापक कला, क्राफ्ट से संबंधित कहानी, वाचन, कविता के माध्यम से कक्षा का वातावरण तैयार करेंगे। वह बच्चों के अनुभव सुनेंगे और अपने अनुभव सुनाएंगे। बच्चों को आउटडोर खेल के साथ आपस में मिलकर कार्य करने की सीख दी जाएगी।
इसके साथ ही बच्चों के अभिभावकों के साथ बैठक कर उनके विषय में जानकारी की जाएगी। इस कार्यक्रम की डायट मेंटर, एआरपी, एसआरजी, खंड शिक्षा अधिकारी व ब्लॉक व जिला स्तरीय कमेटी मॉनीटरिंग करेंगे।
जिला समन्वयक राकेश शुक्ला ने बताया कि रेडीनेस कार्यक्रम के विषय में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को गाइड लाइन उपलब्ध करा दी गई। इसी के अनुसार विद्यालय में गतिविधियां संचालित करने के लिए बीएसए की ओर से निर्देशित किया गया है।