कछौना। कोतवाली क्षेत्र के बाघा डांडा में सोमवार रात मासूम बच्ची की तालाब में डूबकर मौत हो गई। घटना का पता चलते ही परिजन बदहवास हो गए। बाघा डांडा निवासी सतीश ने बताया कि उनकी पत्नी ममता रविवार को घरेलू विवाद से नाराज होकर बिना बताए घर से चली गई थीं। दो साल की अनन्या और चार माह की नैना को घर पर छोड़ गई थीं। सोमवार दोपहर सतीश खाना बना रहे थे। इस दौरान अनन्या मकान के बाहर खेल रही थी। मकान के पास तालाब भी है। कई घंटे बीतने पर भी अनन्या नजर नहीं आई तो उसने मकान के बाहर जाकर देखा। इस दौरान अनन्या का शव तालाब में उतराता मिला। शव निकालकर इसकी जानकारी पुलिस और राजस्व कर्मियों को दी गई।
थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि सतीश की सूचना पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं।
खंती में भरे पानी में डूबकर युवक की मौत
अरवल थाना क्षेत्र के तुलसीपुर निवासी अरविंद (35) खेती करते थे। भाई प्रमोद कुमार ने बताया कि सोमवार देर शाम अरविंद शौच जाने की बात कहकर घर से निकले थे। काफी रात तक वापस न आने पर उनकी तलाश की गई। रात लगभग 10 बजे उनका शव गांव में सड़क किनारे खंती में भरे पानी में उतराता मिला। आशंका जताई कि शौच के दौरान पैर फिसलने से खंती में डूबकर मौत हुई है। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का और अविवाहित था। थानाध्यक्ष अरवल अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पानी में डूबकर मौत हुई है। परिजन ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।