फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरातियों से भरी कार खड़े ट्रक में घुसी, तीन की मौत पांच घायल

विज्ञापन
हरदोई में हुए हादसे में शाहजहांपुर के बरातियों की क्षतिग्रस्त कार। संवाद - फोटो : HARDOI
विज्ञापन
हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में हरदोई शाहजहांपुर मार्ग पर सोमवार देर रात सिरदार नगर के निकट बरातियों से भरी कार खराब खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दूल्हे के बहनोई सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों ने बताया कि चालक नशे में था और कोहरे में उसे ट्रक नहीं दिखा।
विज्ञापन

शाहजहांपुर के तिलहर निवासी सुनील कुमार पुत्र रामलड़ैते की बरात रविवार को लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हसनापुर गई थी। दूल्हे के कुछ रिश्तेदार सोमवार रात हसनापुर से किराये की कार से वापस तिलहर आ रहे थे। देर रात हरदोई शाहजहांपुर मार्ग पर सिरदार नगर के निकट कार सड़क पर खड़े खराब ट्रक में पीछे से जा घुसी।
हादसे में कार चालक अखिलेश (40) पुत्र मनोहर लाल, देवेंद्र (25) पुत्र रामेश्वर दयाल और सुनील कुमार (33) पुत्र सुबेदार निवासी ग्राम सहमापुर थाना कटरा बाजार जनपद शाहजहांपुर की मौत हो गई। दूल्हे के बहनोई दिनेश (50), उसके भाई आशीष (30), पुत्रगण अयोध्या निवासी दुंबलाकरीम थाना कटरा बाजार, दूल्हे के मौसा छोटेलाल (47) पुत्र मुंशीलाल और उनका पुत्र आकाश (18) व शिवम (17) पुत्र राजाराम निवासीगण ग्राम सहमापुर थाना कटरा बाजार शाहजहांपुर घायल हो गए। पांचों घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी शाहाबाद पहुंचाया। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंगलवार को शवों को पोस्टमार्टम कराया गया।
विज्ञापन

कार की चाबी खोने से हो गई रात, कोहरा बना काल
हरदोई। हरदोई शाहजहांपुर मार्ग पर सोमवार देर रात सिरदार नगर के निकट बरातियों से भरी कार के ट्रक में घुसने से तीन लोगों की मौत के बाद घायल और सहमे आकाश ने बताया कि बरात में शामिल अधिकांश लोग सोमवार को दुल्हन की विदाई होने के साथ ही लौट गए थे। दूल्हे का बहनोई व अन्य परिजन जिस कार से तिलहर से बरात में आए थे, उसकी चाबी खो गई थी। काफी देर तक चाबी खोजी जाती रही, लेकिन नहीं मिली। रात लगभग आठ बजे पता चला कि चाबी कार के अंदर है और कार लॉक है। लोगों की मदद से मशक्कत कर एक शीशा निकालकर चाबी निकाली गई और इसके बाद सभी लोग वापस घर जाने के लिए निकले थे। क्या पता था कि देरी होने से हादसा हो जाएगा।
घायल आकाश खासा दहशत में दिखा। आकाश ने बताया कि कार चालक ने हसनापुर से चलते समय ही शराब पी ली थी। चालक ने थकान उतारने के लिए शराब पीने की बात कही थी। आकाश ने बताया कि रास्ते में सब ठीक था। हरदोई से निकलने के बाद कोहरा बीच-बीच में आता रहा। जहां हादसा हुआ, वहां भी कोहरा था और खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया। चालक की साइड से ही कार ट्रक में घुस गई। इसमें चालक और उसके पीछे की तरफ बैठे दो लोगों की मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें