हरदोई। मनरेगा जॉबकार्ड धारकों के आधार कार्ड बनवाकर बैंक खाते से जोड़ने में जनपद की प्रगति धीमी है। सक्रिय जॉबकार्ड धारकों के आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक करने हैं, लेकिन जिले में अभी सिर्फ 23.22 फीसदी काम ही पूरा हुआ है। मनरेगा अपर आयुक्त ने कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और अभियान चलाकर पंजीकरण कराने और आधार कार्ड लिंक करने के निर्देश दिए।
ग्राम्य विकास आयुक्त के निर्देश पर आधार कार्ड में पंजीकरण और लिंक करने का काम शुरू तो कर दिया गया लेकिन काम की प्रगति बेहतर नहीं हो रही है। अपर आयुक्त मनरेगा डा. पिंकी जोवल ने जिले को पत्र भेजकर कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। जनपद में कुल 195680 जॉबकार्ड धारकों में सिर्फ 45441 के ही आधार कार्ड बने हैं जबकि 150239 लोग अवशेष हैं। आधार कार्ड में पंजीकरण के बाद भी 11850 लोगों के कार्ड सत्यापित हुए हैं, जबकि 45111 जॉब कार्ड धारकों के आधार कार्ड बैंक से लिंक हुए हैं। अपर आयुक्त मनरेगा ने अभियान चलाकर 20 जून तक कैंप लगाकर पंजीकरण करने और 30 जून तक बैंक खाते से आधार कार्ड लिंक करने के निर्देश दिए।