हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में कौढ़ा के निकट हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर मवेशी से टकराकर बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के कनौरा मजरा मवैया निवासी राहुल (25) मजदूर था। गुरुवार शाम वह हरदोई से बाइक से वापस गांव जा रहा था। शाहजहांपुर मार्ग पर कौढ़ा के निकट सड़क पर छुट्टा मवेशी से राहुल टकरा गया और उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरा। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आईं।
इसी दौरान राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे और उसके पास मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना देने के साथ ही एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल भेज दिया। चिकित्सक ने हालत गंभीर होने पर राहुल को लखनऊ रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार में पत्नी रुचि और पुत्र राज है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।