हरदोई। बघौली थानाक्षेत्र के ग्राम ढिगवां के पास सोमवार देर शाम ससुराल से साढृू के साथ बाइक से वापस गांव जा रहे युवक को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भीरी मजरा टिकारी निवासी नीरज (23) पुत्र दुर्लभ का विवाह तीन साल पहले बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकपुरवा निवासी रामचंद्र की पुत्री रोशनी के साथ हुआ था। सात माह से नीरज और उसकी पत्नी के बीच अनबन चल रही थी और इसके कारण पत्नी मायके ग्राम तिलकपुरवा में थी।
सोमवार को नीरज अपने साढृू बघौली थानाक्षेत्र के ग्राम ढिगवां निवासी विनोद के साथ ससुराल तिलकपुरवा गया था। देर शाम वहां से दोनों बाइक से लौट रहे थे। ग्राम ढिगवां के निकट अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने के कारण नीरज के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि मिट्टी की ओर गिरने की वजह से विनोद को मामूली चोट ही आई। गंभीर हालत में परिजन नीरज को जिला चिकित्सालय ले गए और भर्ती करा दिया। यहां देर रात नीरज की मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।