जम्मू -कश्मीर से दो दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए बीएसएफ जवान की शुक्रवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली की आवाज सुन कमरे में सो रहे पत्नी और बच्चे बाहर निकले। तब तक हमलावर फरार हो गए थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के भाई ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
बिलग्राम क्षेत्र के ग्राम जलालपुर निवासी रामभरोसे यादव का पुत्र जयप्रकाश(42) बीएसएफ 36वीं बटालियन में कांस्टेबल है। वह जम्मू- कश्मीर स्थित बटालियन से अवकाश लेकर बुधवार को गांव आया। शुक्रवार रात वह छत पर बने बरादमे में सो रहा था। पत्नी व बच्चे अंदर कमरे में थे। रात करीब 12:30 बजे गोली की आवाज से पत्नी व बच्चे जागे। बाहर आकर देखा तो सिर में गोली लगने से खून से लथपथ जयप्रकाश पड़ा था।
पत्नी व बच्चों की चीख पुकार सुन आसपास के लोग जुट गए। तब तक जयप्रकाश दम तोड़ चुका था। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान बिस्तर पर पड़े 315 बोर के तमंचे व मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक के भाई रामप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाल ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल व पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी। इधर, पीएम सूत्रों के अनुसार जवान की मौत सिर में एक गोली लगने से हुई हैं।