हरदोई। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य पूर्व सांसद डॉ. अंजूबाला के प्रस्ताव पर माधौगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत रुदामऊ के दो मजरों में प्राथमिक विद्यालय खोलने की कवायद शुरू हो गई है। पूर्व सांसद के प्रस्ताव पर मांगी गई रिपोर्ट में स्कूल की जरूरत पर जोर दिया गया और नियमों के मुताबिक स्कूल खोला भी जा सकता है।
पूर्व सांसद डॉ. अंजूबाला राष्ट्रीय अनुसूचित जाति की सदस्य हैं। माधौगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत रुदामऊ के प्रधान अनुज कुमार ने डॉ. अंजूबाला से मिलकर रुदामऊ के मजरा छेदापुरवा और भूड़पुरवा में प्राथमिक विद्यालय खोले जाने की मांग की थी। इस पर अंजूबाला ने प्रस्ताव जिलाधिकारी अविनाश कुमार को भेजा था। डीएम ने उक्त प्रस्ताव को लेकर बीएसए से रिपोर्ट तलब की थी। सोमवार रात बीएसए ने डीएम को रिपोर्ट भेज दी है। बीएसए की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों ही जगहों पर प्राथमिक विद्यालय खोला जा सकता है।
भूड़पुरवा की आबादी 400 है और यहां से सबसे नजदीक प्राथमिक विद्यालय चंदेली में है, जो लगभग डेढ़ किमी दूर है। इसी तरह छेदापुरवा की आबादी 700 है और यहां से नजदीकी विद्यालय शेखवापुर में है, जिसकी दूरी लगभग ढाई किमी है। कुल मिलाकर अब छेदापुरवा और भूड़पुरवा में विद्यालय खोले जाने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।