हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर रविवार की देर शाम सड़क पार कर रहे परचून दुकानदार को बोलेरो ने टक्कर मार दी। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर निवासी दीनदयाल (50) गांव के सामने हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर परचून की दुकान चलाता था। रविवार की देर शाम दुकान बंद कर वह घर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था।
इसी दौरान शाहजहांपुर तरफ से आ रही बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर देर रात उसने दम तोड़ दिया।
दीनदयाल के परिवार में पुत्र शिवम, निकुंज के अलावा दो बेटियां हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि बोलेरो के बारे में पता नहीं चल सका है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।