हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के ज्यूरी चंद्रमपुर गांव में बृहस्पतिवार को तालाब में एक युवक का शव उतराता मिला। दो दिन से लापता युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ज्यूरी चंद्रमपुर निवासी शिवलाल (30) बीते 10 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। मृतक के पिता आदेश कुमार ने बताया कि गांव के ही दो लोग शिवलाल को ई-रिक्शे पर बैठाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजन ने उनकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बृहस्पतिवार को पिता ने हरपालपुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए प्रार्थनापत्र भी दिया था। इस बीच गांव के बाहर तालाब में उनका शव उतराता मिला।
शिवलाल करीब पांच माह पहले परिवार के साथ कर्नाटक में मजदूरी करने गए थे। दीपावली मनाने के लिए आठ नवंबर को ही गांव लौटे थे। उनके परिवार में पत्नी सरोजनी और दो बेटे अक्षय व सनी हैं। युवक की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।