भरावन। ब्लॉक कार्यालय में तैनात कर्मचारी ने फेसबुक पर प्रतिबंधित मवेशी के मांस व केंद्र सरकार को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल दी। कर्मचारी द्वारा देवी देवताओं को लेकर भी टिप्पणी की गई है। दो संगठनों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
विकास खंड भरावन में तैनात कर्मचारी द्वारा सोशल मीडिया एकाउंट पर डाली गई पोस्ट का स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया पर वॉयरल हो रहा है। पोस्ट में लिखा गया है कि समुदाय विशेष जिस प्रतिबंधित मवेशी का मांस खाते हैं वह पवित्र होता है, लेकिन सरकार इसका निर्यात करती है, वह सौतेली है। दो अन्य पोस्ट की स्क्रीन शॉट में देवी देवताओं को लेकर टिप्पणी की गई है।
बुधवार शाम स्क्रीन शॉट वायरल होने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष विनय सिंह व राष्ट्रीय गौ संरक्षक दल के पदाधिकारी आलोपी त्रिवेदी ने अतरौली थाने में एसओ महेश चंद्र पांडेय को तहरीर देकर कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की। कोतवाल महेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।