समाजवादी पेंशन को शीघ्र ही लाभार्थियों के खाते में
भेजने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का कलक्ट्रेट परिसर में हो रहा धरना प्रदर्शन
तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। इस दौरान भाकियू पदाधिकारियों ने
कलक्ट्रेट में जोरदार नारेबाजी की।
कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन को
संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गवर्नर सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पेंशन
में या तो अपात्रों का चयन किया गया और यदि हुआ भी है, तो अधिकांश पात्रों
को पेंशन की धनराशि खातों में नहीं भेजी गई है, जिसको शीघ्र भिजवाया जाए।
उन्होंने कहा कि जिले में ओलावृष्टि से गेहूं की सारी फसलें चौपट हो गई थी।
कहा कि जिले में 1101 ग्राम पंचायतों में अभी लगभग 600 ग्राम पंचायतों का
भुगतान नहीं किया गया, जिसका शीघ्र भुगतान कराया जाए। उन्होंने कहा कि
ग्राम पंचायत मरई में जो आवासों का आवंटन किया गया था, वह सारे आधे अधूरे
पड़े हुए हैं, जिनका भुगतान नहीं कराया जा रहा है, इसलिए लाभार्थी ग्राम
प्रधान की बेगार करने को मजबूर हैं।
उन्होंने शीघ्र ही लाभार्थियों के
खाते में आवासों की किश्त का भुगतान कराने की बात कही। इस दौरान जिला
महासचिव बलवीर राजवंशी ने मरई में ही ग्राम प्रधान द्वारा कब्जा की जा रही
भूमि नंबर 1092 से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। उन्होंने किसानों के लिए
18 घंटे की बिजली आपूर्ति किए जाने की मांग भी की।
इस दौरान पदाधिकारियों
ने कहा कि धरना प्रदर्शन के दौरान बताई गई मांगों को जब तक पूरा नहीं किया
जाएगा, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन ऐसे ही जारी रहेगा। इस मौके पर काफी
संख्या में पदाधिकारी और किसान मौजूद थे।