हरदोई। एक देश में एक निशान एक विधान एक प्रधान का नारा देने वाले जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान जनपद के सभी पोलिंग बूथों पर भाजपा ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि मनाई। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान पर भी चर्चा की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने महुईपुरी पोलिंग बूथ पर पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने एक पौधा भी रोपा। कहा कि आज भाजपा जिस रूप में है उसका मूल जनसंघ के रूप में सबसे के सामने आया था। तब आरएसएस के सहयोग से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना की थी। भाजपा के जिला कार्यालय में पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्र और राम बहादुर सिंह ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. मुखर्जी की श्रद्धांजलि दी।
आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने भी श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। बिलग्राम के बीजीआर इंटर कॉलेज में स्थित बूथ पर भाजपा की नगर उपाध्यक्ष दीपा विश्वास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बिलग्राम के ब्लॉक प्रमुख सतेंद्र सिंह मुन्ना ने श्रद्धांजलि दी। यहां मंगतराम अर्कवंशी, गोविंद द्विवेदी, रवि सिंह आदि मौजूद रहे। संडीला प्रतिनिधि के अनुसार नगर अध्यक्ष नितीश जायसवाल ने प्रभात फेरी माता मंदिर परिसर में डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। नगर मंडल के बूथ संख्या 138 पर जिला उपाध्यक्ष एसपी मौर्या ने बलिदान दिवस मनाया।