बिलग्राम। नगर में नया आईटीआई भवन बनकर तैयार हो गया है, लेकिन अभी स्टाफ की तैनाती नहीं हुई है। प्रभारी प्राचार्य 27 किलोमीटर दूर हरदोई से एडमीशन प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। क्षेत्र के युवा नए भवन का चक्कर लगा कर लौट रहे हैं।
सपा सरकार ने वर्ष 2014 में बिलग्राम में आईटीआई खोलने को मंजूरी दी थी। दो साल में कार्यदायी संस्था ने भवन निर्माण कर विभाग को हैंडओवर कर दिया। छात्र-छात्राओं को ट्रेनिंग देने के लिए काफी उपकरण भी आ चुके हैं। ऑनलाइन प्रवेश फार्म भी भरे जा चुके हैं और प्रवेश की अंतिम तिथि 18 जुलाई है। किंतु अभी तक आईटीआई में स्टाफ की तैनाती नहीं हुई है। यहां का प्रभार जरूर हरदोई आईटीआई के प्राचार्य विनोद कुमार को दे दिया गया है। उनके पास कुल तीन आईटीआई का चार्ज है।
प्राचार्य हरदोई में बैठकर एडमीशन प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं और क्षेत्र के युवा बिलग्राम की नई आईटीआई के चक्कर लगा कर लौट रहे हैं। फिलहाल पूरा आईटीआई एक गार्ड के भरोसे है।
परेशान हैं क्षेत्र के युवा
आईटीआई में एडमीशन लेने के इच्छुक क्षेत्र के युवा परेशान हैं। मल्लावां के गांव बखरिया निवासी सुरजीत राजकमल, सदरपुर के दिग्विजय सिंह, पडियनपुरवा के सचिन वर्मा, बिलग्राम के राहुल, संदीप व जलील, तकिया इमाम नगर के मोईन एडमीशन के फार्म लेने कई बार आईटीआई जा चुके हैं लेकिन गार्ड के अलावा कोई न मिलता है। युवाओं ने कहा कि अब हरदोई या दूसरे शहर में ही एडमीशन लेना पड़ेगा।
वर्जन
तीन आईटीआई का चार्ज है। बिलग्राम आईटीआई के लिए अभी स्टाफ नहीं मिला है। बिलग्राम आईटीआई में प्रवेश का काम हरदोई आईटीआई से चल रहा है। हरदोई आकर कोई भी जानकारी कर सकता है। बिलग्राम आईटीआई के लिए मेरिट के आधार पर ऑनलाइन फार्म भरे जा चुके हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 18 जुलाई है। - विनोद कुमार, प्रभारी प्राचार्य