हरपालपुर। लोनार थाना क्षेत्र में बरसोहिया गांव के पास चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार ट्रक एक मकान में जा घुसा। मकान ध्वस्त होने से गृहस्वामी का बेटा घायल हो गया। परिवार के अन्य लोग दूसरे हिस्से में सो रहे थे। चालक भाग निकला जबकि लोगों ने क्लीनर को दबोच लिया।
लोनार थाना क्षेत्र के बरसोहिया गांव में नरेशपाल यादव का घर है। इसमें वह परिवार के साथ रहते हैं। रविवार तड़के करीब तीन बजे तेज रफ्तार ट्रक नरेश के घर में जा घुसा। जोरदार टक्कर लगने से कमरे की दीवारें ढह गईं और छत उखड़कर दूर खेत में जा गिरी। तेज आवाज होने से पड़ोसियों की नींद खुल गई। हादसे के बाद ट्रक का चालक भाग निकला जबकि क्लीनर को लोगों ने पकड़ लिया। हादसे में नरेश पाल का पुत्र मुकेश यादव (24) और क्लीनर घायल हो गए। नरेश पाल और उनके दो बेटे घर के दूसरे हिस्से में सो रहे थे।
क्लीनर ने बताया कि ट्रक आम लेकर पटना से मुरादाबाद जा रहा था। बरसोहिया के करीब ड्राइवर को झपकी आ गई। इससे ट्रक मकान से टकरा गया। लोनार कोतवाल एके राय ने बताया कि इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।