हरदोई। हरदोई-पिहानी मार्ग पर पूरा बहादुर गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक पर सवार महिला, उसका पति व भाई घायल हो गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम कुरसेली निवासी सुनीता (30) गुरुवार को पति रामगोपाल (34) व भाई सतीश (27) के साथ बाइक से कोतवाली के ग्राम औरेनी स्थित मायके जा रही थी।
हरदोई-पिहानी मार्ग पर पूरा बहादुर गांव के पास सड़क पर अचानक आए मवेशी से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सुनीता, उसका पति व भाई, तीनों घायल हो गए।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सुनीता की शादी आठ साल पहले हुई थी, उसके दो बेटे व दो बेटी हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।