हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-पिहानी मार्ग पर डीसीएम और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। इस दौरान उधर से गुजर रहा बाइक सवार युवक इन दोनों वाहनों के बीच फंस गया। युवक की मौत हो गई।
हरियावां थाना क्षेत्र के जतुली निवासी सुनील (34) मवेशियों का इलाज करने का दवाखाना चलाते थे। रविवार देर रात वह एक रिश्तेदार के घर गए थे। वहां से बाइक से वापस अपने गांव जा रहे थे।
रास्ते में हरदोई-पिहानी मार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र के अहरापुर गांव के पास एक ट्रैक्टर और डीसीएम की सीधी भिड़ंत हो गई। इसी दौरान उधर से गुजर रहे सुनील बाइक समेत दोनों वाहनों के बीच में फंस गए। घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने सुनील को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा है। दुर्घटना से संबंधित तहरीर देहात कोतवाली में दी जाएगी और उसके बाद एफआईआर होगी।