हरदोई। पिहानी मार्ग पर बुधवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के बरगावां गांव के निकट पुलिया पर हुआ। युवक शहर से अपने गांव वापस जा रहा था।
मझिला थाना क्षेत्र के मुझहा पारा गांव निवासी जमील (30) अलमारी पेंट करने का काम करते थे। भाई सलमान के मुताबिक, शहर की एक दुकान पर वह काम करते थे। बुधवार की सुबह वह गांव से शहर आए थे। देर शाम वह बाइक से वापस गांव जा रहे थे। इस दौरान हरदोई-पिहानी मार्ग पर बरगावां गांव से पहले पुलिया पर उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां गुजर रहे सीओ हरियावां और थानाध्यक्ष ने घायल को देख लिया। घायल को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जमील के परिवार में पत्नी अफसाना बानो, एक पुत्र और एक पुत्री है। उनकी एक पुत्री की पहले मौत हो चुकी है। देहात कोतवाल हरिनाथ ने बताया कि शव को मोर्चरी रखवा दिया गया है। परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।