फोटो-13-राजीव सिंह उर्फ रिंकू बाबा की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार प्रवर्तन सिपाही की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व महामंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह वीरू का छोटा भाई था।
शहर के न्यू सिविल लाइंस निवासी राजीव सिंह उर्फ रिंकू बाबा (40) परिवहन विभाग में प्रवर्तन सिपाही के पद पर तैनात था। इन दिनों उसकी तैनाती सीतापुर जिले में थी। शनिवार की रात वह अपनी कार से सीतापुर से पैतृक गांव बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के अटवा मुठिया गया था।
कार वहीं खड़ी कर बाइक से हरदोई स्थित आवास पर होली मनाने के लिए निकला था। शनिवार देर रात हरदोई-सीतापुर मार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र में बंजर बाबा के निकट किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रूप से राजीव घायल हो गया। लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व महामंत्री और सपा नेता अनिल सिंह वीरू का छोटा भाई होने के नाते राहगीरों ने मौके पर ही राजीव को पहचान लिया और आनन-फानन ही एंबुलेंस मंगाकर जिला चिकित्सालय भेज दिया।
साथ ही सपा नेता को घटना की जानकारी दी। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने राजीव की हालत गंभीर बताते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ ट्रामा सेंटर गए, लेकिन लखनऊ में उसे मृत घोषित कर दिया गया। रविवार को लखनऊ में ही शव का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद परिजन शव लेकर हरदोई स्थित आवास पर पहुंचे।
घटना का पता चलने पर बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग और राजनीति से जुड़े विभिन्न दलों के लोग भी शोक व्यक्त करने पहुंचे। शाम को शव का अंतिम संस्कार सांडी रोड स्थित मुक्तिधाम में किया गया। मृतक के परिवार में पत्नी सपना और पुत्र आदित्य (12) व पुत्री प्रज्ञा (11) है।