हरदोई। कोरोना का कहर फिर बढ़ने लगा है। रविवार को कोरोना के दस नए मरीज मिले हैं। इसमें एक महिला डॉक्टर भी है। बताया जाता है कि महिला चिकित्सक ने 22 जनवरी को कोरोना वैक्सीन की पहली और 19 फरवरी को दूसरी डोज ली थी।
कोरोनारोधी वैक्सीन लगवा चुकी महिला चिकित्सक के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी से खलबली मच गई। संक्रमितों में कोथावां के ही पांच लोग शामिल हैं, जबकि एक व्यक्ति भरावन का है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन का कहना है कि अलग-अलग जिलों से भी कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद भी लोगों के संक्रमित होने की जानकारी आई है।
कोरोना वैक्सीन सभी को लगवानी चाहिए, क्योंकि वैक्सीन लगवाने वाले लोगों में गिने-चुने ही संक्रमण की चपेट में आए हैं। वैक्सीन लगवाने के बाद भी कोरोना से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी है। सबको मास्क, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करना चाहिए।