हरदोई। नवरात्र की शुरूआत के साथ ही कार की तरह ही बाइक बाजार भी गुलजार हो गया है। यूं ताे शहर में दुपहिया वाहनों के कई शोरूम हैं, लेकिन अगर दो अलग अलग कंपनियों के सिर्फ दो शोरूम की स्थिति से ही बाजार का अंदाजा लग जाता है। नवरात्र के पहले दिन बाला जी हांडा के शोरूम में 32 बाइकों की बिक्री हुई तो 22 लोगों ने दशहर तक डिलीवरी लेने के लिए बुकिंग भी कराई। इसी तरह कांसेप्ट हीरो में रविवार को ही 42 बाइकों की बिक्री हुई। 28 बाइकें नवरात्र में ही डिलीवरी के लिए बुक कराई गई हैं।
पितृ पक्ष में बाजार कुछ हल्का रहता है। इसके ठीक बाद नवरात्र शुरू होने पर बाजार में उछाल की उम्मीद न सिर्फ कारोबारियों को रहती है बल्कि इनसे जुड़े कई साइड बिजनेस करने वाले भी उत्साह में रहते हैं। नवरात्र के पहले ही दिन इसका रुझान भी दिखा। यही वजह रही कि पहले दिन ही बाइकों के शोरूम में खासी भीड़ रही। लोग बाइक की डिलीवरी लेने भी पहुंचे और बुकिंग कराने भी। इस सबके साथ बाइक के फीचर्स और फाइनेंस के बारे में भी पूछने के लिए कई लोग पहुंचे।
स्टेशन रोड पर स्थित बालाजी हांडा के निदेशक अंबरीश अग्रवाल कहते हैं कि पहले दिन तो बाजार अच्छा रहा। कुल 32 लोग हांडा की विभिन्न मॉडलों की बाइकें ले गए। इसके साथ ही 22 लोगों ने बाइक की बुकिंग भी कराई है। जो रुझान है उससे लगता है कि दशहरा तक अच्छा कारोबार और बिक्री होगी।
लखनऊ रोड स्थित कांसेप्ट हीरो के निदेशक यशवर्धन अग्रवाल ने बताया कि बाजार में बूम दिख रहा है। कार बाजार की तरह बाइक बाजार भी उछला है। नवरात्र के पहले दिन 42 लोग बाइक ले गए, जबकि 28 लोगों ने बुकिंग कराई। इस रुझान से लग रहा है कि दशहरा में बाइकों की बिक्री अच्छी संख्या में होगी।