हरदोई। एसडीएम सदर लक्ष्मी एन की अध्यक्षता में सोमवार को सुरसा के ग्राम सिंधुवामऊ स्थित पंचायत भवन में खुली बैठक हुई। इसमें एसडीएम ने पूर्ति, राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं व उनका निस्तारण कराया। एसडीएम लक्ष्मी एन ने कहा कि किसी भी मामले में पीड़ित को निस्तारण के नाम पर बार-बार न दौड़ाया जाए। पीड़ित को सुलभ ढंग से न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने बताया कि शिकायतों के निस्तारण की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसमें गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। एसडीएम ने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण किए जाने का आदेश दिया। साथ ही वीडीओ को फार्म भरवाकर पात्रों को पेंशन योजना का लाभ दिलाने को कहा।
एसडीएम ने चकरोड पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद मौके का निरीक्षण कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराने का आदेश दिया। साथ ही परती भूमि व तालाब में दर्ज भूमि पर फसल बोए जाने की बात सामने आने पर फसल की नीलामी कराने को निर्देशित किया। इस दौरान रास्ते में पैड़ापुर गांव में एक खेत में पराली जलती मिलने पर संबंधित किसान के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस मौके पर नायब तहसीलदार सुरभी राय, राजस्व निरीक्षक रामजी द्विवेदी व पूर्ति निरीक्षक विवेक सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।