हरदोई। विकास निधि के मद में 10 लाख रुपये वार्षिक व पांच हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग को लेकर प्रधान क्षेत्र पंचायत स्वाभिमान संघ के बैनर तले कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया गया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सदानंद गुप्ता को सौंपते हुए जिलाध्यक्ष इक्तदार हुसैन ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्य पिछले काफी समय से अपने स्वाभिमान के लिए भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश भर में एक साथ स्वाभिमान संघ के बैनर तले बीडीसी सदस्य धरना-प्रदर्शन करने व ज्ञापन देने को बाध्य हुए हैं। इस मौके पर उपाध्यक्ष डॉ. अलीमुद्दीन, महासचिव सत्येंद्र पाठक, कन्हैया लाल, अरविंद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
पंचायत के कार्यों की निधि तय हो
बिलग्राम। क्षेत्र पंचायत सदस्य संघ ने बीडीओ मनवीर सिंह से अपनी समस्याएं बताईं। पंचायती राज मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष शहनवाज शानू ने कहा कि क्षेत्र पंचायत के कार्यों की निधि का निर्धारण किया जाए। जिससे सदस्य भी जन हित में काम कर सकें। इसके अलावा क्षेत्र पंचायत सदस्यों की सरकारी हैंडपंप, आवास, शौचालय व कच्चे-पक्के कार्य में हिस्सेदारी तय की जाए। (संवाद)