एसपी कार्यालय में फरियाद लेकर आई गंगादेवी व उसके पुत्र
- फोटो : amarujala
हरदोई। महिला ने बैंककर्मियों पर केसीसी खाते से 12 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया। इंतखाब निकालने पर पीड़िता को जानकारी हुई। उसने बैंक जाकर शिकायत की। जिस पर उसे सही जानकारी नहीं दी गई। पीड़ित मां-बेटे एक माह से दोषियों पर कार्रवाई के लिए थाने के चक्कर काट रहे थे। सुनवाई न होने पर गुरुवार को एसपी विपिन मिश्रा को प्रार्थना-पत्र दिया।
माधौंगज कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी रामसनेही की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। पत्नी गंगादेवी व दो पुत्र प्रेमकुमार, रोहित के नाम करीब 12 बीघा जमीन है। गंगादेवी ने बताया गांव निवासी युवक जून में उसके घर आया था। युवक ने उसे केसीसी के माध्यम से लोन दिलाने का झांसा दिया था। युवक ने अपने घर बुलाकर कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए थे।
यूनियन बैंक की शाखा से लोन दिलाने की बात कही। उसके बाद 2 जून को उसके पुत्र रोहित को 1 लाख, प्रेम को 2 लाख रुपये दिए थे। जब पीड़िता अपना इंतखाब निकालने गई तो पता चला कि उसकी जमीन पर 12 लाख रुपये लोन निकाला गया है।
पीड़िता का आरोप है कि शाखा प्रबंधक और फील्ड आफीसर की मिलीभगत से युवक ने केसीसी खाते से नौ लाख रुपये हड़प लिए। जब वह शाखा प्रबंधक से शिकायत करने पहुंची उन्होंने उसे जानकारी देने से इनकार कर दिया। पीड़िता एक माह से थाने के चक्कर काट रही है। थाने में भी उसकी नहीं सुनी गई। गुरुवार को पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।