हरदोई। पोर्टल हैक कर फर्जी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाले एक आरोपी की जमानत अर्जी खारिज कर दी गई है। जिला जज संजीव शुक्ला ने जमानत अर्जी पर सुनवाई की थी।
चार जुलाई को ग्राम विकास अधिकारी राजीव श्रीवास्तव ने टड़ियावां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि किसी ने सीआरएस पोर्टल की आईडी हैक कर बड़ी संख्या में फर्जी प्रमाणपत्र जारी कर दिए हैं। पुलिस ने इस घटना का खुलासा किया था। जांच में पता चला कि टड़ियावां ब्लॉक की ग्राम पंचायत रावल और अलीशाबाद से दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 के बीच ये प्रमाणपत्र जारी किए गए थे। पुलिस ने इस मामले में 18 जुलाई को तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
इनमें बिहार के सहरसा निवासी मुकेश कुमार, कुशीनगर के धर्मेंद्र मद्धेशिया और लखनऊ के अभिषेक गुप्ता शामिल थे। इनमें से धर्मंद्र की जमानत अर्जी जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में पेश की गई थी। धर्मेंद्र के अधिवक्ता ने उसे निर्दाेष बताते हुए जमानत पर रिहा किए जाने की मांग की। जिला शासकीय अधिवक्ता का कहना था कि धर्मेंद्र जनसेवा केंद्र का संचालन करता था। वह सुविधा शुल्क लेकर फर्जी प्रमाण पत्र बनाता था। जिला जज संजीव शुक्ला ने दोनों पक्षों के तर्क सुनने और पत्रावली पर मौजूद सबूत के आधार पर धर्मेंद्र की जमानत अर्जी खारिज कर दी।