हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुरवा में किराये के मकान में रह रही बीए की छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। छोटी बहन ने शव देख परिजनों और पड़ोसियों को जानकारी दी। इसी बीच पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की वजह को लेकर परिजन चुप्पी साधे हैं।
सुरसा थाना क्षेत्र के ओदरा नेवलिया निवासी माता प्रसाद खेती करते हैं। उनकी पुत्री सरोजनी (19) सिकंदरपुर में एक प्राइवेट डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह छोटी बहन कीर्ति और भाई गोलू के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुरवा में किराये के मकान में रहती थी। मंगलवार की सुबह कीर्ति कोचिंग गई थी। लगभग आठ बजे वापस घर पहुंचने पर उसने सरोजनी का शव दुपट्टे के फंदे से लटका देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। कुछ ही देर में पड़ोसियों की भीड़ लग गई।
जानकारी पर शहर कोतवाल विद्यासागर पाल भी मौके पर पहुंचे। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शहर कोतवाल ने बताया कि घटना को लेकर परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।