हरियावां। हरदोई पिहानी मार्ग पर ऑटो चलाने वाले 25 चालकों ने बृहस्पतिवार को थाने के बाहर प्रदर्शन किया। इनका आरोप है कि प्राइवेट बस यूनियन के लोग इनके साथ अभद्रता करते हैं। यह आरोप भी लगाया कि एक फरवरी से ऑटो संचालन भी बंद करा दिया गया है।
हरियावां थाने के बाहर बड़ी संख्या में ऑटो चालक बृहस्पतिवार को एकत्र हुए। इन लोगों का दावा है कि हर माह ऑटो चालक से तीन हजार रुपये प्राइवेट बस यूनियन वाले लेते हैं। इसके अलावा हर रोज भी 30 रुपये लिए जाते हैं। इसके बाद भी एक फरवरी से अचानक ऑटो संचालन पर रोक लगा दी गई। उतरा निवासी सोनू ने बताया कि पिहानी चुंगी से उतरा तक ऑटो चलाते हैं।
हर माह ती न हजार रुपये और हर रोज 30 रुपये प्राइवेट यूनियन वाले वसूलते हैं। बसोहा निवासी अरुण और अखिलेश ने भी कुछ इसी तरह की जानकारी दी। इन लोगों का दावा है कि हरियावां थाने की पुलिस देहात कोतवाली में शिकायत करने को कह रही है। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि अब तक इस तरह का मामला संज्ञान में नहीं था। अब पता चला है तो पूरे मामले की जांच करा ली जाएगी।