पालीमुकीमपुर के गांव तोछी के निकट जंगल में भूसे में दबा युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को भूसा में दबाकर जलाने का प्रयास किया गया है। आग या तेजाब से चेहरे को जलाने का प्रयास किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मंगलवार को युवक अतरौली से बीसनपुर बरात में गया था तभी से वह लापता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
अतरौली के मोहल्ला कच्चीगढ़ी अजीत कुमार की बारात मंगलवार को थाना पालीमुकीमपुर के गांव बीसनपुर गई थी। बरात में बहरावद की पुलिया के निकट रहने वाले हरीओम 28 वर्ष पुत्र केवल सिंह भी गए थे। बुधवार को बरात और दूल्हा दुल्हन विदा होकर घर पहुंच गए, लेकिन हरीओम वापस नहीं आए। परिजन हरीओम की तलाश में जुटे थे। बृहस्पतिवार सुबह गांव तोछी के निकट बूलापुर मार्ग पर जंगल में धान के भूसा को भरने किसान पहुंचे तो उसमें शव देखकर किसान डर गए। सूचना पर एसओ रामवकील पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस शिनाख्त में जुटी थी। तभी शव मिलने की सूचना पर अतरौली के लोग भी वहां पहुंच गए। पता चला कि शव हरिओम का है। उसका चेहरा जलाने का प्रयास किया गया है। संभवत: शव को भूसा के अंदर रखकर आग लगाने की कोशिश की गई हो, लेकिन भूसा गीला होने के कारण आग नहीं पकड़ सका। हरिओम के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। हरिओम के दो बेटे और एक बेटी है। घोड़ा तांगा चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। भाई रवि ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों ने मोहल्ला के लोगों पर हत्या का शक जताया है। सीओ छर्रा विशाल चौधरी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।