हरदोई। सांडी मार्ग पर शहाबुद्दीनपुर के पास सोमवार की शाम सहायक अध्यापक की बाइक एक मवेशी से टकरा गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उनको मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सक ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में खेतुई के पास उनकी मौत हो गई।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के कठेठा निवासी अवधेश कुमार वर्मा (32) सहायक अध्यापक थे। इन दिनों उनकी तैनाती सांडी के गुर्रा स्थित नेहरु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में थी। सोमवार की दोपहर उनके भाई अरविंद के एक वर्षीय पुत्र को अस्पताल में देखने के लिए अवधेश विद्यालय से निकले। इस दौरान शाम के समय सांडी हरदोई मार्ग पर शहर कोतवाली क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर के पास उनकी बाइक एक मवेशी से टकरा गई। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
उन्होंने खुद अपनी पत्नी को फोन लगाकर हादसे की जानकारी दी। परिजन उनको लेकर मेडिकल कॉलेज आए। यहां चिकित्सक ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लखनऊ ले जा रहे थे। खेतुई गांव के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के छोटे भाई मुकेश ने बताया कि अवधेश के परिवार में पत्नी सुमन, एक पुत्र व एक पुत्री यशवी है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।