टड़ियावां। हरिहरपुर-दधनामऊ मार्ग पर गुरुद्वारा मोड़ के पास सोमवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें सखौरा निवासी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसको सीएचसी फिर मेडिकल कॉलेज लाए। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम सखौरा के मजरा तौकलपुर निवासी ब्रजराज सिंह (35) हरिहरपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करते थे। इन दिनों उनकी नाइट ड्यूटी थी। सोमवार की शाम बाइक से ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे। इस दौरान हरिहरपुर दधनामऊ मार्ग पर गुरुद्वारा मोड़ के पास उनकी बाइक में सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वह सिर के बल सड़क पर गिर गए।
सूचना पर परिजन उनको लेकर पहले सीएचसी फिर मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सक ने उन्हें रात 8:30 बजे मृत घोषित कर दिया। ब्रजराज के बड़े भाई मुनेंद्र ने बताया कि जिन्होंने ब्रजराज की बाइक में टक्कर मारी है। वह पड़ोसी गांव के ही हैं। मौके पर उनकी बाइक पकड़ ली लेकिन बाइक सवार भाग गए। मृतक के परिवार में पत्नी सरिता व एक पुत्र व एक पुत्री है।