हरदोई। जिले में 108 इमरजेंसी सेवाएं दुरुस्त करने के प्रयास जारी हैं। अभी तक एंबुलेंस सीएचसी-पीएचसी में खड़ी होती थीं, लेकिन अब चिह्नित हॉट स्पॉट पर 24 घंटे एंबुलेंस खड़ी होंगी। एंबुलेंस के अधिकारी जीपीएस से निगरानी करेंगे। इससे हादसों में घायल लोगों को तत्काल मदद मिलेगी।
जिले में जीवीके संस्था 108 सेवा की 47 एंबुलेंस संचालित कर रही है।
इन एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद मिलती है। अभी तक एंबुलेंस के जिला अस्पताल व सीएचसी-पीएचसी में खड़े होने से घायलों की मदद में पहुंचने में देरी हो जाती थी। इसके कारण लोगों को दूसरे वाहनों का सहारा लेना पड़ता था। कई बार रास्ते में गंभीर रूप घायल लोग दम तोड़ देते हैं। ऐसे में मरीजों की दिक्कतों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग व पुलिस अधिकारियों ने एंबुलेंसों के स्थान परिवर्तन के निर्देश दिए थे। जिसके तहत जिले में 47 हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए। जहां हादसे ज्यादा हाते हैं, उनके पास हॉट स्पॉट बनाए गए हैं। इनमें गांवों को जाने वाले संपर्क मार्ग, प्रमुख चौराहे, रोड आदि स्थान शामिल हैं।
रीजनल मैनेजर अभिषेक शर्मा ने बताया कि पुलिस की 112 सेवा की तरह अब एंबुलेंस चिह्नित हॉट स्पॉट पर 24 घंटे मुस्तैद रहेंगी। जिससे तय समय पर मरीजों के पास पहुंचकर मदद की जा सकेगी।
शहर में यह स्थान हैं चिह्नित
जिला प्रभारी ने बताया कि शहर में चार हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। जिसमें लखनऊ चुंगी, बिलग्राम चुंगी, डीएम चौराहा, बिलग्राम चुंगी शामिल हैं। अभी तक यह एंबुलेंस जिला जिला अस्पताल में खड़ी होती थीं। लेकिन अब इन प्वाइंट पर खड़ी होंगी।