हरदोई। जम्मू से बिहार स्थित घर जा रहे लकड़ी कारोबारी की अमरनाथ एक्सप्रेस में मौत हो गई। मृतक पिछले 15 दिन से बीमार चल रहा था। शनिवार को हुई घटना में शव के पास से मिले पहचान पत्र के जरिए परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के आने पर सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
बिहार के बेतिया जनपद के मुगरहा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी शैलेंद्र शर्मा (29) जम्मू में रहकर लकड़ी का व्यापार करते थे। बहनोई कृष्णा शर्मा ने बताया कि पिछले 15 दिन से शैलेंद्र बीमार चल रहे थे। जम्मू में उनका उपचार कराया जा रहा था। फायदा न होने पर वह बीते शनिवार को जम्मू से बिहार जाने के लिए अमरनाथ एक्सप्रेस में सवार हुए थे। शनिवार दोपहर बाद ट्रेन हरदोई रेलवे स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही शैलेंद्र की तबीयत बिगड़ गई। उनके आस पास बैठी सवारियों ने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देने के साथ ही जीआरपी और आरपीएफ को भी सूचना दी। इस पर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम पहुंच गई। आनन फानन ही शैलेंद्र को ट्रेन से उतारकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सोमवार को परिजनों के आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
... और अधूरा रह गया वादा
शैलेंद्र शर्मा की शादी बीती बीस मार्च को राबड़ी देवी के साथ हुई थी। बहनोई कृष्णा शर्मा ने बताया कि शादी के बाद कुछ दिनों तक शैलेंद्र गांव में ही रहा। इसके बाद जम्मू चला गया। पत्नी ने साथ ले चलने को कहा, तो शैलेंद्र ने वादा किया कि अगली बार घर आने पर साथ में ले जाएगा। शैलेंद्र की मौत से पत्नी से किया गया वादा अधूरा रह गया। पति की मौत की जानकारी से राबड़ी बदहवास हो गई।