फोटो-21। भाजपा नेता नरेश अग्रवाल। संवाद
हरदोई। पूर्व सांसद वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा कि ईश्वर ने हमको शक्ति दी है। बिना हमारे हरदोई में कोई नेता नहीं बन सकता। यह गुरूर या घमंड नहीं है बल्कि राजनीतिक इतिहास भी इसका प्रमाण देता है। नौजवानों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव अपने हाथों में लेकर फिर से भाजपा सरकार बनाने के लिए जुट जाएं।
वैटगंज स्थित आवास पर सोमवार शाम पत्रकारों से बातचीत में नरेश अग्रवाल ने कहा कि 30 अक्तूबर को गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ आ रहे हैं। इसके बाद कार्यकर्ता तेजी से चुनाव में लग जाएंगे। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में इतिहास रच दिया है। दावा किया कि हरदोई में उन्होंने भी गुंडे और माफिया नहीं पनपने दिए। हरदोई की जनता को भरोसा दिलाया कि जब तक हम हैं तब तक कोई गुंडा कानून व्यवस्था को अपने हाथ में नहीं ले पाएगा।
विदेश नीति पर चर्चा करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि रूस भारत का वास्तविक मित्र है। उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द ही भारत विकासशील नहीं विकसित देश कहलाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की निंदा करते हुए नरेश अग्रवाल ने कहा कि यह स्थिति ठीक नहीं है। लोकतंत्र में किसी के परिवार पर बोलने का अधिकार किसी को भी नहीं है।
बिना नाम लिए बहुत कुछ कह गए नरेश ...
पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि टिकट मांगने का अधिकार सभी को है लेकिन टिकट न मिलने पर दावेदारों को पार्टी की मदद करनी चाहिए, न कि विरोध। दरअसल बीते दिनों भाजपा के ही एक पूर्व सांसद ने पार्टी के ही एक नेता की सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट की दावेदारी को सही ठहराते हुए दावेदार के पक्ष में बयान दिया था। माना जा रहा है कि नरेश अग्रवाल ने बिना किसी का नाम लिए ही जवाब दे दिया है। नरेश अग्रवाल ने यह भी कहा कि जो हालात हैं उनमें पंचायत चुनाव फिलहाल होते नहीं दिख रहे।