टोडरपुर और अहिरोरी ब्लाक में शुक्रवार को हुए प्रमुखी के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों का दबदबा रहा। टोडरपुर में भाजपा प्रत्याशी रामबाबू त्रिवेदी ने निर्दलीय प्रत्याशी राकेश अवस्थी और अहिरोरी में भाजपा प्रत्याशी शिवरतनलाल वर्मा ने सपा प्रत्याशी सत्यवती को पराजित किया। परिणामों की घोषणा होते ही विजेता प्रत्याशियों के समर्थकों ने होली खेली और ढोल नगाड़ों की धुन पर खूब थिरके।
जिले में पांच विकास खंडों टोडरपुर, अहिरोरी, बावन, बिलग्राम और टड़ियावां में ब्लाक प्रमुख पद पर उपचुनाव तय हुआ था। इनमें से बावन में भाजपा प्रत्याशी समीर सिंह, बिलग्राम में पृथ्वीराज सिंह चौहान और टड़ियावां में ऊदल का निर्विरोध निर्वाचन पहले ही हो गया था। अहिरोरी में भाजपा प्रत्याशी शिवरतनलाल वर्मा और सपा प्रत्याशी सत्यवती के बीच सीधा मुकाबला हुआ।
कुल 119 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में 82 ने मतदान किया। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच मतदान और फिर मतगणना कराई गई। भाजपा प्रत्याशी शिवरतनलाल को 40 वोट मिले जबकि सपा प्रत्याशी सत्यवती को 13 वोट मिले। 29 वोट अवैध घोषित कर दिए गए। यहां मतदान की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए उपजिलाधिकारी सदर राकेश कुमार, सीओ बघौली अखिलेश राजन, बीडीओ अहिरोरी एसके गुप्ता के अलावा कई थानों का पुलिस बल भी मौजूद रहा। भाजपा प्रत्याशी की जीत की घोषणा होते ही समर्थकों ने भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री, क्षेत्रीय विधायक प्रभाष कुमार, भाजपा नेता समीर सिंह, राजाबक्श सिंह, राजेश सिंह को माला पहनाकर गुलाल उड़ाया गया।
उधर दूसरी ओर टोडरपुर विकास खंड में भाजपा प्रत्याशी रामबाबू त्रिवेदी और निर्दलीय प्रत्याशी राकेश अवस्थी के बीच सीधा मुकाबला हुआ। टोडरपुर में कुल 92 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं और सभी ने वोट डाले। यहां रिटर्निंग अफसर डा. आशुतोष मिश्र की देखरेख में मतदान और मतगणना पूरी हुई। भाजपा प्रत्याशी रामबाबू त्रिवेदी को 54 वोट मिले और उन्हें विजेता घोषित किया गया। निर्दलीय प्रत्याशी राकेश अवस्थी को 32 वोट मिले, जबकि छह वोट अवैध घोषित कर दिए गए। परिणाम की घोषणा होने के बाद ब्लाक प्रमुख रामबाबू त्रिवेदी अपने छोटे भाई श्यामबाबू त्रिवेदी और समर्थकों के साथ गांव स्थित पौराणिक शिव मंदिर पहुंचे। यहां आशीर्वाद लेकर वह घर गए। घर पर समर्थकाें ने जमकर होली खेली।