हरदोई। मेडिकल कॉलेज में दो दिन के अवकाश के बाद खुली ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ नजर आई। रविवार को सोमवार को गणतंत्र दिवस की वजह से ओपीडी बंद रही और सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं ही चलीं। ऐसे में मंगलवार को पंजीकरण कराने से लेकर चिकित्सीय परामर्श और दवा काउंटर पर मरीज व तीमारदारों की लंबी कतार देखने को मिली।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला व महिला अस्पताल में ओपीडी खुलने से पहले ही मरीजों की भीड़ लग गई। मंगलवार सुबह आठ बजे से दोपहर को दो बजे तक काउंटरों पर करीब 2645 पर्चे बने। मरीजों की सबसे अधिक भीड़ सर्दी, जुकाम और वायरल फीवर में जनरल मेडिसिन की रही। चिकित्सक डॉ. विकास चंद्र विद्यार्थी ने मरीजों का इलाज किया। कान, नाक और गला विभाग में भी लंबी लाइन देखी गई। चिकित्सक विवेक सिंह की ओपीडी में 325 से अधिक मरीजों ने परामर्श लिया। इसके अलावा हड्डी रोग विभाग में भी 365 से अधिक मरीज रहे। जनरल सर्जरी विभाग, बाल विभाग, दंत और नेत्र विभाग हर जगह सिर्फ मरीजों की भीड़ देखने को मिली। सीएमएस डॉ. चंद्र कुमार ने बताया कि अवकाश के बाद ओपीडी संचालित होने से भीड़ बढ़ी है। सभी मरीजों को दवा दिए जाने के बाद ही काउंटर बंद किए गए।