सवायजपुर। शाहजहांपुर में न्यायालय परिसर में वकील की हत्या की घटना से नाराज अधिवक्ताओं ने बुधवार को तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम प्रत्यूष पांडेय को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर परिजनों को आर्थिक सहायता व सुरक्षा देने की मांग की।
दि ग्रेट लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष उदयराज सिंह परमार ने कहा कि शाहजहांपुर में कोर्ट परिसर में अधिवक्ता की हत्या से वकील खासा आहत हैं। संगठन एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग करता है।
अधिवक्ताओं की मांग है कि सभी जिला व तहसील अदालतों में सुरक्षा बढ़ाई जाए। इस मौके पर महामंत्री अनूप कुमार वाजपेयी, आलोक मिश्रा, राज प्रकाश सिंह, संजय पांडे, आनंद मिश्रा, विनोद शुक्ला व विवेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।
हरदोई। जिले के अधिवक्ता बुधवार को बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के निर्देश पर न्यायिक कार्य से विरत रहे। मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बीते दिनों शाहजहांपुर में हुई अधिवक्ता की हत्या की निंदा की। दिवंगत अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह के परिवार को 50 लाख की आर्थिक मदद की मांग की।
कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की गई। इस दौरान अधिवक्ता मनोहर लाल पाल ,राजपाल गुप्ता, विजय, लालबिहारी दीक्षित, रमेश सिंह सोमवंशी, समता शर्मा, महेश गुप्ता, सुनीत शुक्ला, केके सिंह, शिवमोहन शुक्ला आदि मौजूद रहे। (संवाद)