हरदोई। संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर रविवार को सुबह एडीएम वंदना त्रिवेदी ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। शासन के निर्देश पर सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लेने निकली एडीएम ने वार्ड 20 ,21 की गलियों, नालियों आदि व मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया।
उन्होंने पालिका के अधिशासी अधिकारी रविशंकर शुक्ल को निर्देश देते हुए कहा कि जो कर्मचारी लापरवाही कर रहे, उनके खिलाफ कार्रवाई करें। निरीक्षण के दौरान सफाई निरीक्षक चंद्रकांत, जिला परियोजना प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
उधर, एडीएम द्वारा शहर का निरीक्षण करने की जानकारी होते ही शहर के तमाम लोगों ने एडीएम से पूरे शहर का निरीक्षण करने की मांग की। कौशलपुरी के अरुण और महेंद्र ने कहा कि सिर्फ बातों में ही शहर में फागिंग और नालियों में दवा का छिड़काव हो रहा है।
सांडी रोड़ के नुमाइश चौराहे से लेकर बावन चुंगी तक नाले पर लोगों ने स्थायी अतिक्रमण कर रखा है। ऐसे में पिछले दो वर्षों से यहां पत्थर हटाकर नाले को न तो साफ किया गया और न ही दवा का छिड़काव किया गया है।
फागिंग की मशीनें मोहल्ले में आए हुए जमाना गुजर गए हैं। कोतवाली के पास से लेकर पीछे के मोहल्ले की नालियों की हालत खराब है। इस बाबत एडीएम वंदना त्रिवेदी ने कहा कि वे इस ओर जानकारी करनेे के बाद जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करवाएंगी।