कछौना। कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर हरदासपुर तिराहे के पास मां के साथ सड़क पार कर रहे बालक को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे आनन-फानन में उसे संडीला सीएचसी भिजवाया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम समौधा निवासी सियाराम दिलाबरनगर में मुर्गा फार्म चलाता है। रविवार शाम उसकी पत्नी बेटे आंचल (10) के साथ फार्म पर आई थी। जहां से दोपहर को वह बेटे को लेकर वापस घर जा रही थी। इसी दौरान हरदासपुर तिराहे पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से वह उछलकर गिरा फिर बोलेरो उसे रौंदते हुए निकल गई। पहिया उसकी कमर के हिस्से से निकला था। राहागीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेेंस से संडीला सीएचसी भेजा लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल राय सिंह ने बताया कि बोलेरो का पता नहीं चल सका है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।