शाहाबाद (हरदोई)। शाहाबाद-रेभा मुरादपुर मार्ग पर मंगलवार की शाम किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक की हालत ज्यादा नाजुक होने पर लखनऊ ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर वापस आ गए। बुधवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव उधरनपुर निवासी शिवम (27) मंगलवार की शाम पड़ोसी राघवेंद्र (24) के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने बाइक से पिहानी जा रहा था। रास्ते में रेभा मुरादपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युलक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ ही घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। परिजनों ने शिवम को सीएचसी से रेफर कराकर लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया। वहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि शिवम विवाहित था, उसकी पांच साल ही एक बेटी है। शिवम के माता पिता का काफी पहले देहांत हो चुका है। ताऊ सुनील ने उसका पालन पोषण किया था। उधर, कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि चचेरे भाई धीरज की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।