मल्लावां। नगर के मोहल्ला बंदीपुर निवासी युवक की दिल्ली में तबीयत बिगड़ गई। परिजन बृहस्पतिवार की सुबह घर ला रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजन शव घर ले आए। मृतक के भाई ने घटना के हालात पर संदेह जताया। पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है। विसरा सुरक्षित किया गया है।
मोहल्ला बंदीपुर निवासी उदय प्रताप (20) दिल्ली में एक गुटखा फैक्टरी में काम करते थे। छोटे भाई रवि के मुताबिक, बुधवार दोपहर उदय के दोस्त ने फोन करके बताया कि उदय की तबीयत बिगड़ गई है। इसके बाद परिजन उदय के पास दिल्ली पहुंचे। वहां उदय की हालत गंभीर देखते हुए परिजन उदय को घर ला रहे थे। रास्ते में मौत हो गई।
बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे परिजन शव घर ले आए। मां रानी देवी पुत्र का शव देखकर बिलख पड़ीं। पुलिस को सूचना दी गई। उदय चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उदय के पिता पद्म कुमार की 2016 में सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। कोतवाल राधेश्याम ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। परिजनों की ओर से शिकायती पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।