फोटो-17- अभिनव उर्फ मोनू। फाइल फोटो
हरदोई। सवायजपुर मार्ग पर एक निजी अस्पताल के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र के तत्यौरा गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह हुआ।
हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम हरियावां निवासी अभिनव कुमार उर्फ मोनू (30) हरियावां चीनी मिल में वेल्डर थे। अभिनव की ससुराल सांडी थाना क्षेत्र के ओदरा गांव में है। अभिनव के रिश्ते में साले लगने वाले कपिल टैंकर चालक हैं। वह हरियावां चीनी मिल में सामान लेकर जाते हैं। चाचा मोहित मिश्रा के मुताबिक, बुधवार शाम अभिनव ड्यूटी से घर पहुंचे थे। रात के समय कपिल भी आ गए। कपिल ने अभिनव से कहा कि वह उन्हें ओदरा गांव छोड़ दें। रात में ही अभिनव कपिल को बाइक से गांव छोड़ने गए थे और ससुराल में ही रुक गए।
बृहस्पतिवार सुबह 7:15 बजे वह गांव जाने के लिए निकले थे। अभिनव हेलमेट लगाकर बाइक चला रहे थे। इस दौरान हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर शहर कोतवाली क्षेत्र के तत्यौरा गांव के पास प्राइवेट हॉस्पिटल के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। अभिनव सिर के बल सड़क पर गिर गए। उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
पुलिस ने अभिनव के मोबाइल से उनकी मां राधा देवी को फोन करके हादसे की सूचना दी। मेडिकल कॉलेज में डॉ. श्रीकांत ने उन्हें सुबह 8:35 बजे मृत घोषित कर दिया। अभिनव के परिवार में पत्नी प्रियंका, पुत्र आयुष और पुत्री परी है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। परिजनों की ओर से शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।