हरदोई। बघौली प्रतापनगर मार्ग पर मंगलवार रात पैदल जा रहा युवक दो ट्रकों के बीच दब गया। युवक को बचाने की कोशिश में पहुंचा दोस्त भी दोनों ट्रकों की जद में आ गया। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकले।
बघौली थाना क्षेत्र के ककरहिया निवासी पुष्पेंद्र (18) ने मवेशी पाल रखे हैं। इन मवेशियों का दूध बेचने के लिए वह गांव में ही स्थित एक डेयरी पर मंगलवार रात जा रहा था। गांव में ही रहने वाला उसका दोस्त कन्हैयालाल (19) भी दूध बेचने डेयरी जा रहा था। दोनों पैदल ही डेयरी से दूध देने के बाद वापस घर जा रहे थे। बघौली प्रतापनगर मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के पास दो ट्रक आमने सामने से आने पर पुष्पेंद्र इनके बीच फंस गया। यह देखकर कन्हैयालाल उसे बचाने को दौड़ा। इस बीच दोनों ट्रकों के बीच में पुष्पेंद्र और कन्हैयालाल आ गए। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना ले जाया गया।
यहां कन्हैयालाल को मृत घोषित कर दिया गया। पुष्पेंद्र को हायर सेंटर रेफर किए जाने पर सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। यहां उनकी भी मौत हो गई। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुष्पेंद्र सात भाई बहनों में चौथे नंबर का और अविवाहित था। कन्हैयालाल छह भाई बहनों में दूसरे नंबर का और अविवाहित था। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि ट्रक पुलिस के कब्जे में है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
फोटो-13- कन्हैया लाल। फाइल फोटो