- खेत गए युवक का मिला था शव, पिता ने लगाया था हत्या का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र के जेहदीपुर गांव में रविवार रात युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। मृतक के पिता की तहरीर पर पांच लोगों को नामजद करते हुए छह पर मामला दर्ज कराया गया है। उधर दूसरी ओर पोस्टमार्टम में बिजली गिरने से युवक की मौत होने की बात सामने आई है।
जेहदीपुर निवासी चंद्रशेखर (22) रविवार दोपहर फसल में पानी लगाने गया था। पिता बालकराम के मुताबिक शाम को लगभग साढ़े पांच बजे उन्होंने चंद्रशेखर को फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर वह खेत पर गए। यहां उनके मक्के और धान के खेत के बीच गलियारे में चंद्रशेखर का शव पड़ा मिला।
बालकराम ने गांव निवासी राहुल, गोविंद, बबलू, नंद किशोर और धर्मपाल पर रंजिश के कारण लाठी-डंडे से पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने भी तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि बिजली गिरने से चंद्रशेखर की मौत हुई है। पूरे मामले पर सीओ बिलग्राम आरपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की जाती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। किसी भी निर्दोष पर कार्रवाई नहीं होगी।