- बारिश से जम्मू में अभी भी सामान्य नहीं हो रहे हालात
- ट्रेनों के आगे भी निरस्त होने की बन रही संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। जम्मू में बेतहाशा बारिश और इसके बाद बाढ़ व भूस्खलन से ट्रेन संचालन पूरी तरह से ठप हो चुका है। जिले में रूककर जाने वाली जम्मूतवी के लिए दोनों ट्रेनें निरस्त हैं। इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों के टिकट रिफंड कर दिए गए हैं।
जिले से तमाम लोग माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाते हैं। सैकड़ों लोग पंजाब में नौकरियां भी करते हैं। छुट्टियों पर लोग घर आए थे और अब वह वापसी भी करने लगे थे। वहीं माता के दर्शन के लिए भी तमाम लोगों ने कई दिन पहले से तैयारियां कर रखीं थी। इसी बीच ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से प्रभावित हो गया।
जिले से होकर जाने वाली भी दो जोड़ा ट्रेनें हैं। ट्रेन संख्या 13151-52 सियालदह एक्सप्रेस नियमित है, जबकि 12469-70 सप्ताह में दो दिन चलती है। दोनों ट्रेनें निरस्त होने से 13 सौ से अधिक यात्रियों ने या तो टिकट कैंसिल करा दिए। रिफंड में रेलवे को करीब आठ से 10 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि ट्रेनें निरस्त होने पर यात्रियों को पूरा रिफंड मिलता है। वहीं जिन यात्रियों का ऑनलाइन आरक्षण है, ट्रेन निरस्त होने की दशा में उनके खाते में रिफंड की राशि स्वत: पहुंच जाएगी।