ऑपरेशन कर महिला का 15 साल पुराना ट्यूमर निकाला
- चिकित्सकों ने पिहानी निवासी महिला को दी नई जिंदगी
- कई जिलों में दौड़ने के बाद मेडिकल कॉलेज में हुआ ऑपरेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। पिहानी की गजुआखेड़ा निवासी महिला को 15 साल बाद बुधवार को ट्यूमर से निजात मिल गई। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की टीम ने दो घंटे तक चले आपरेशन से महिला के गले से ट्यूमर निकाला। महिला ट्यूमर को लेकर काफी परेशान थी और इलाज के लिए कई जिलों में दौड़ लगा चुकी थी। आपरेशन के बाद महिला अस्पताल में भर्ती और परिजनों ने सेहत में सुधार की बात कही है।
मेडिकल कॉलेज के कान, नाक और गला विशेषज्ञ ने बुधवार को सफल ऑपरेशन कर 15 साल पुराने ट्यूमर को महिला के गले निकाल लिया। पिहानी के गजुआखेड़ा निवासी अमर सिंह की 50 वर्षीय पत्नी निर्मला देवी के गले गांठ बनना शुरू हुई थी। शुरू में गांठ को नजरअंदाज किया तो गांठ बढ़ती गई और कुछ सालों में ट्यूमर का रूप ले लिया। अमर सिंह ने बताया कि इलाज के काफी पैसा खर्चा किया और कई जगहों पर गए। लखनऊ, शाहजहांपुर और जिले के बालामऊ में भी विशेषज्ञों को दिखाया लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। आखिरी में मंगलवार को मेडिकल कॉलेज आए, डाॅ. विवेक सिंह ने देखा और जांच की। बुधवार को दोपहर को 11:50 बजे आपरेशन हुआ और दो बजे तक चला। चिकित्सक ने बताया कि ट्यूमर निकाल दिया गया और मरीज की हालत में सुधार है। ऑपरेशन के दौरान सहायक डॉ. शुभम अग्रवाल, एनेस्थेटिस्ट डॉ. विकास चंद्र, डॉ. मोहसिन, अनिता, सोनिया व विकसित ने सहयोग दिया।