हरदोई। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बघौली थाना क्षेत्र के खजुरमई तिराहे के पास शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक ने शनिवार को दम तोड़ दिया। मृतक युवक अपनी बीमारी की दवा लेकर परिजन के साथ लखनऊ से लौट रहा था तभी तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बोलेरो को टक्कर मार दी थी। हादसे में बोलेरो सवार सात लोग घायल हुए थे जिनमें से एक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया था।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम गंगई जयराजपुर निवासी खलील (40) पेशे से दर्जी थे और पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार सुबह उनका छोटा भाई छोटे (34), मां मुन्नी (60), बुआ पहिया (42), बहन मैनाज (25) और बुआ का बेटा वारिस (30) उन्हें इलाज के लिए बोलेरो से लखनऊ ले गए थे। कार चालक रामनिवास गाड़ी चला रहे थे। शाम को लखनऊ से दवा लेकर लौटते समय बघौली के खजुरमई तिराहे के सामने से आ रही एक अनियंत्रित डीसीएम ने सीधी टक्कर मार दी। डीसीएम की टक्कर से बोलेरो काफी क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
खलील की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भर्ती कर लिया गया था, शनिवार दोपहर इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार में पत्नी फातिमा और तीन मासूम बेटियां हैं। खलील ही घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे, जिनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फोटो- 43- खलील। फाइल फोटो