फोटो- 25- सीतापुर रोड पर बस को धक्का लगाते यातायात पुलिस के जवान। स्रोत: स्थानीय नागरिक
हरदोई। महोलिया शिवपार क्षेत्र में ओवरब्रिज से उतरते ही बुधवार को एक रोडवेज बस अचानक बीच सड़क बंद हो गई। उपमुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के कुछ देर पहले सड़क पर बंद हुई बस को देख प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। आनन फानन यातायात पुलिस ने धक्का देकर बस को किनारे करवाया और इसके बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक को बुधवार को जिले में शहीद मेजर पंकज पांडेय की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होना था। अनावरण स्थल सीतापुर राेड पर इटौली पुल के पास होने के कारण उन्हें ओवरब्रिज से होते हुए सीतापुर रोड पर जाना था। बता दें कि उप मुख्यमंत्री को दोपहर करीब दो बजे तक कार्यक्रम स्थल पहुंचना था।
ऐसे में सीतापुर रोड पर वीआईपी मूवमेंट के लिए सभी व्यवस्थाएं कर दी गईं। पूरा ट्रैफिक भी साफ किया जा रहा था कि तभी रोडवेज कार्यशाला में मरम्मत के लिए जा रही गोला डिपो की बस बीच सड़क पर बंद हो गई। बस के बंद होते ही पुलिस और जिम्मेदार अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। यातायात पुलिस कर्मियों की मदद से बस को धक्का देकर किनारे करवाया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से कार्यशाला भिजवाया। एआरएम भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि बस पहले से खराब थी इसलिए उसे मरम्मत के लिए क्षेत्रीय कार्यालय भेजा जा रहा था।