फोटो-28- दैवी आपदा प्रबंधन जांच समिति की बैठक करते विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह व मौजूद अधिकारी। संवाद
विधान परिषद की दैवी आपदा प्रबंधन समिति के सभापति अवनीश सिंह ने दिए सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। दैवी आपदा की प्रकृति अनुसार स्थायी बचाव के लिए कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए। जिससे हर साल बचाव पर खर्च के बजाय एक बार में समस्या का समाधान निकाला जा सके। विधान परिषद की दैवी आपदा प्रबंधन समिति के सभापति इं. अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि स्थाई समाधान के साथ ही आपदा के समय मदद के रिस्पांस समय को भी कम किए जाने के प्रयास होने चाहिए।
विकास भवन सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति सभापति ने जनप्रतिनिधियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के संबंध में फीडबैक लिया। कहा कि पात्रों को तत्काल सहायता पहुंचाया जाना सरकार की मंशामें है। बाढ़ से खेतों में जमा होने वाली सिल्ट की सफाई के लिए भी सरकार किसानों को रुपये देती है। इसका प्रचार-प्रसार कराया जाए।
कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लाॅक प्रमुख और नगरीय क्षेत्रों में निकायों के अध्यक्ष को पूरी जानकारी रहती है। जिससे कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी। समिति सदस्य एमएलसी उमेश द्विवेदी ने कहा कि राजस्व के साथ शिक्षा, कृषि और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को आपदा से पहले लोगों को जागरूक करना चाहिए। समिति ने डीएम एमपी सिंह और एसपी नीरज कुमार जादौन के कार्यों की प्रशंसा की। एडीएम ने प्रियंका सिंह ने आपदाओं की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में सीडीओ सौम्या गुरूरानी समेत सचिव और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।