फोटो-15- सुखविंदर सिंह। फाइल फोटो
बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र में घरेहरा ड्रेन के पास खराब हुई कंबाइन मशीन को दुरुस्त करते समय फोरमैन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे फोरमैन को शुक्रवार देर रात कोथावां सीएचसी ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के धरोली झाला निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ मुलायम (33) कंबाइन मशीन के लिए फोरमैन का काम करते थे। देहात कोतवाली क्षेत्र के लालपालपुर निवासी धीरज तिवारी की कंबाइन मशीन से शुक्रवार को घरेहरा ड्रेन के पास स्थित सुब्बा के झाले पर फसल काटी जा रही थी। इस दौरान मशीन खराब हो गई। देर रात मशीन बनाने के लिए सुखविंदर सिंह मौके पर पहुंच गए। कंबाइन मशीन के ऊपर चढ़कर वह मरम्मत कर रहे थे।
इस दौरान ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से झुलसे सुखविंदर कंबाइन से नीचे आ गिरे। कंबाइन चालक और खेत मालिक सुब्बा उसे लेकर सीएचसी कोथावां गए। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिवार में पत्नी किरन कौर, एक पुत्र और एक पुत्री है। कोतवाल मार्कंडेय सिंह ने बताया कि सीएचसी प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए हैं।